टिहरी से भागकर देहरादून पहुंचे एक सात वर्षीय बच्चे के आईएसबीटी पर पकड़ में आने पर उसके पुलिस में दारोगा मामा ने जमकर पिटाई कर दी।
इस बीच बच्चे की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए मौके पर जुटी भीड़ ने मामा की ही धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर आईएसबीटी चौकी पहुंची। जहां दोनों के मामा-भांजा होने की बात पता चली।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आईएसबीटी पर शनिवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति ने एक बच्चे को पकड़ लिया। बच्चे के विरोध करने पर उस व्यक्ति ने चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोग जमा हो गए और बच्चे को पीट रहे व्यक्ति को पकड़कर पीटने लगे।
उस व्यक्ति पर बच्चे की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने पुलिस भी बुला ली। दोनों से आईएसबीटी चौकी पर पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि दोनों मामा-भांजे हैं। चौकी इंचार्ज नरोत्तम सिंह बिष्ट ने बताया कि बालक टिहरी स्थित अपने घर से एक महीने पहले पैसे लेकर भागा है। पीटने वाला व्यक्ति उसका मामा है, जो डोईवाला थाने में दरोगा है।
बताया कि बच्चा अपने मामा को देखकर भाग रहा था, पकड़ने पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। टिहरी से बच्चे के परिजन को बुलाया गया है, रविवार को उनके आने के बाद ही हकीकत पता चल सकेगी। उधर, भाजपा नेता बलजीत सोनी ने बालक की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है।