विधानसभा सचिव को भेजा है अवकाश पर
विधानसभा अध्यक्ष ने तीन सितंबर को भर्तियों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने के साथ ही सचिव मुकेश सिंघल को अग्रिम आदेशों तक अवकाश पर भेजा है। इसके साथ ही सचिव के कार्यालय को सील कर दिया गया है। भर्तियों की जांच कर रही समिति ने एक बार सचिव को बुलाया भी है।
दागी कंपनी की प्रेस में छपा था भर्ती का प्रश्नपत्र
वीडीओ भर्ती परीक्षा में हुई धांधली में भी आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशन कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों के नाम सामने आ सकते हैं। एसटीएफ के अनुसार, इस परीक्षा का प्रश्नपत्र भी इसी कंपनी के प्रिंटिंग प्रेस में छपा था। ओएमआर शीट भी कंपनी के कर्मियों ने ही दलालों को मुहैया कराई थीं। इसमें छेड़छाड़ की पुष्टि भी विजिलेंस ने फोरेंसिक लैब से करा ली थी, मगर अब एसटीएफ ने जांच के बाद गिरफ्तारियों का दौर शुरू कर दिया है।
कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को मुकदमे में भी नामजद किया जा सकता है। दो दिन पहले कंपनी के मालिक राजेश चौहान के एक दोस्त को एसटीएफ गिरफ्तार भी कर चुकी है, जिसने कई नामों का खुलासा किया है। परीक्षा में ऊधमसिंह नगर जिले के एक गांव के ही 45 युवा पास हुए थे। इसके बाद ही यह मामला पकड़ में आया था।