स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले का जल्द पटाक्षेप हो सकता है। इसके लिए एसटीएफ ने यूपी में डेरा डाल दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग अभी बचे हुए हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी तक बिजनौर का धामपुर और उत्तराखंड में उत्तरकाशी जांच के केंद्र में है। एसटीएफ इस मामले में 24 गिरफ्तारियां कर चुकी है।
स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की धांधली की जांच में गिरफ्तारियों का सिलसिला एक माह से जारी है। तीन गिरफ्तारियां बिजनौर जिले के निवासियों की हुई हैं। जांच में सामने आया था कि नकल का सेंटर धामपुर में बनाया गया था। इससे पहले भी हाकम सिंह रावत कई बार धामपुर के इस सेंटर में नकल करा चुका है।
यह मकान जेई ललित राज का है। उसे भी एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अब भी उत्तर प्रदेश की कई अहम कड़ियां हैं। इन्हें जोड़ते हुए नकल माफिया को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। आरोपियों से लंबी पूछताछ की गई है। इसमें कई लोगों के नाम सामने आए हैं। एसटीएफ की दो टीमें लगातार इनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।