उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के पेपर लीक मामले में जांच की आंच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक पहुंच सकती है। मास्टरमाइंड से पूछताछ में एसटीएफ के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं। बताया जा रहा है कि आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशन कंपनी के पास इन राज्यों में भी परीक्षा कराने का ठेका है। एसटीएफ अब इस दिशा में भी अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत से पूछताछ में एसटीएफ को महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उत्तरप्रदेश के कई लोगों से उसके तार जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि यह लोग काफी हाईप्रोफाइल हैं।
इनके तार सीधे कंपनी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। चूंकि, आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशन कंपनी के पास उत्तराखंड के अलावा यूपी और मध्यप्रदेश में भी परीक्षाएं आयोजित कराने का ठेका है। लिहाजा वहां की विभिन्न परीक्षाओं में भी धांधली की आशंका है।
एसटीएफ को इसके शुरुआती संकेत भी मिले हैं। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि इस पर एसटीएफ ने काम शुरू कर दिया है। पूरी उम्मीद है कि उत्तराखंड में पेपर लीक की कड़ी अन्य प्रदेशों से जुड़ी हो सकती है।