सचिवालय रक्षक भर्ती परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों से पूछताछ
एसटीएफ ने सचिवालय रक्षक भर्ती परीक्षा की जांच भी शुरू कर दी है। शुरुआती दौर में पास हुए अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है। इस परीक्षा का अभी प्रोविजनल रिजल्ट जारी किया गया है। इसमें 33 अभ्यर्थी पास हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन सभी को एसटीएफ ने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था। इनमें से कुछ अभ्यर्थी ही एसटीएफ कार्यालय पहुंचे।
सचिवालय रक्षक भर्ती परीक्षा सितंबर 2021 में हुई थी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा की जांच के दौरान ही इस भर्ती में भी धांधली की बात सामने आई थी। प्राथमिक जांच के बाद बृहस्पतिवार को एसटीएफ ने रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे के सभी आरोपी स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में भी नामजद हैं। एसटीएफ को इस बात के साक्ष्य मिल गए थे कि इसका पेपर भी ठीक उसी तरह से लीक कराया गया था, जैसे स्नातक स्तरीय परीक्षा का।
एसटीएफ के सूत्रों ने बताया कि फिलहाल इस मामले में अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है। आयोग ने इस परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों का विवरण भेजा था। सभी अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे गए हैं। शुक्रवार को पांच अभ्यर्थी कार्यालय पहुंचे थे। उनसे पूछताछ की गई है। इस मामले में उनकी कॉल डिटेल भी जुटाई जा रही है ताकि पता चले कि कौन-कौन किसके संपर्क में था। बताया जा रहा है कि गढ़वाल के कुछ छात्र हाकम सिंह के संपर्क में भी थे। ये सभी इस परीक्षा में शामिल हुए थे।