बॉयोमीट्रिक, सीसीटीवी, जैमर अब सभी परीक्षा में चलेंगे
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्षता बनाए रखने के लिए बॉयोमीट्रिक हाजिरी ली गई। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा हुई। सभी केंद्रों में जैमर लगाए गए थे। पुलिस ने मेटल डिटेक्टर से सभी अभ्यर्थियों की जांच करने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया। पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संयुक्त तौर पर परीक्षा कराने में जिम्मेदारी निभाई। आयोग अध्यक्ष के मुताबिक, अब आगामी सभी परीक्षाएं इसी पैटर्न पर की जाएंगी।
पेपर लीक के 10 माह बाद ही मजबूती से खड़ा हुआ आयोग
स्नातक स्तरीय सहित कई परीक्षाओं के पेपर लीक होने के महज 10 माह के बाद ही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग मजबूती से खड़ा हो गया है। आयोग ने पूर्व में 33 पदों के लिए यह परीक्षा 26 सितंबर 2021 को 107 केंद्रों पर कराई थी। इसमें 36,533 में से 25,806 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसका पेपर लीक होने के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी थी। आयोग की आखिरी परीक्षा 31 जुलाई 2022 को पुलिस दूरसंचार भर्ती की हुई थी। उसके बाद से पेपर लीक प्रकरण सामने आने से आयोग की परीक्षाएं अटकी हुई थीं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand News: कटौती से बचने के लिए यूपीसीएल ने खरीदी 660 मेगावाट बिजली, नियामक आयोग की मिली मंजूरी
हमने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पेपर लीक प्रकरण के 10 माह बाद ही दोबारा परीक्षा कराई है। परीक्षा के लिए आयोग ने व्यापक स्तर पर आंतरिक सुधार किए, जिनमें कार्मिक प्रबंधन के साथ ही आंतरिक ढांचे और व्यवस्थाओं में सुधार शामिल है। भविष्य में होने वाली परीक्षाएं इसी पैटर्न पर कराई जाएंगी। - जीएस मर्तोलिया, अध्यक्ष, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
सचिवालय रक्षक परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने रक्षक(सचिवालय सुरक्षा संवर्ग) भर्ती परीक्षा कराने के बाद देर रात को इसकी उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। आयोग के सचिव एसएस रावत ने बताया कि इस उत्तर कुंजी पर अभ्यर्थी 24 मई तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियां दर्ज कराने के लिए वेबसाइट पर 22 मई की सुबह से लिंक जारी किया जाएगा। आपत्ति के लिए अभ्यर्थी को प्रश्न, उत्तर की आपत्ति, प्रत्यावेदन, साक्ष्य अपलोड करना होगा। 24 मई के बाद किसी भी आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद आयोग इस परीक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। आपत्ति व उत्तर कुंजी देखने के लिए आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर लिंक उपलब्ध है।