फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क की तैयारी
एसपी क्राइम रेखा यादव ने बताया कि आरोपी संजय धारीवाल और डेविड की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। दोनों के हाथ न आने पर चल-अचल संपित्त की कुर्की की कार्रवाई के लिए धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई के तहत नोटिस चस्पा करते हुए मुनादी कराई जा चुकी है जबकि धारा 83 सीआरपीसी के तहत कोर्ट में अग्रिम कार्रवाई की जा चुकी है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
25 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
बीते जनवरी माह में पटवारी भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक का भंडाफोड़ हुआ था। जिसमें एसटीएफ ने लोक सेवा आयोग के अधिकारी संजीव चतुर्वेदी, उसकी पत्नी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एसआईटी गठित हुई। एसआईटी ने एई-जेई पेपर लीक का भी खुलासा किया। इसमें दूसरे अनुभाग अधिकारी संजीव कुमार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों प्रकरण में अब तक 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पटवारी पेपर लीक में 15 और एई-जेई पेपर लीक प्रकरण में अब दसवें आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।