देहरादून। पवेलियन मैदान में आयोजित लाला नेमीदास मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल लीग में शुक्रवार को हुए मुकाबलों में यूके पुलिस और विजय कैंट विजयी रहे।
फुटबॉल लीग का पहला मैच यूके पुलिस व देहरादून सिटी एफसी (फुटबॉल क्लब) के बीच खेला गया। इसमें यूके पुलिस टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ व दूसरे हाफ में पूरी तरह से यूके पुलिस का दबदबा रहा। यूके पुलिस की तरफ से शिशिर सिंह ने पहला गोल दागा। दूसरा व तीसरा गोल बीर सिंह ने किया। चौथा गोल एसएस भट्ट ने दागकर टीम को 4-0 से बढ़त दिलाई।
दूसरे मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल व विजय कैंट के बीच भिड़ंत हुई। इसमें विजय कैंट की तरफ से रोहित ने एक के बाद एक लगातार दो गोल दागे और टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। स्पोर्ट्स हॉस्टल की तरफ से सचिन ही एक गोल कर पाए। विजय कैंट ने 4-0 से जीत दर्ज की।