नीति आयोग द्वारा देश के 113 जिलों में की जाने वाली रेटिंग में स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में उत्तराखंड का ऊधमसिंह नगर अव्वल आया है। जिले को नीति आयोग के पैमाने में 3.2 प्वाइंट मिले हैं। हालांकि कृषि, वित्तीय समावेशन और शिक्षा के मामले में राज्य के विकास आकांक्षी जिलों की हालत बेहद खराब है। ताजा आंकड़े राज्य के लिए कई मायनों में अहम माने जा रहे हैं।
नीति आयोग ने बीते मार्च महीने में स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे के छह क्षेत्रों में देश के कुल 113 विकास आकांक्षी जिलों का चयन किया था। इस सूची में उत्तराखंड से ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार को शामिल किया गया है। इन सभी जिलों में कुल 49 संकेतकों के तहत आंकड़े जुटाने शुरू किए गए। इस कवायद के पीछे नीति आयोग का मकसद राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाना है।
यह तय किया गया था कि मई-2018 से जिलों की रैंकिंग तैयार की जाएगी। इस बाबत नीति आयोग ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ साझेदारी करके जिलों की वास्तविक प्रगति की निगरानी के लिए एक डैशबोर्ड भी बनाया था। जुलाई माह में नीति आयोग ने यह आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। इसके तहत एक ओर जहां उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर ने स्किल डेवलपमेंट के मामले में बाजी मारी है, वहीं रैंकिंग के हिसाब से कृषि, वित्तीय समावेशन और शिक्षा की दिशा में हालात काफी खराब हैं।
यह है रैंकिंग -
- कौशल विकास के मामले में ऊधमसिंह नगर 3.2 अंकों के साथ नंबर एक और हरिद्वार .074 अंक के साथ 39वें नंबर पर
- स्वास्थ्य और पोषण में ऊधमसिंह नगर 14.1 अंकों के साथ देश में सातवें नंबर पर हरिद्वार मात्र तीन अंकों के साथ 75वें नंबर पर
- शिक्षा में ऊधमसिंह नगर 2.9 अंकों के साथ 40वें नंबर पर और हरिद्वार 2.3 अंकों के साथ 68वें नंबर पर
- कृषि और जल संसाधन के मामले में हरिद्वार .001 अंक के साथ 45वें नंबर पर और ऊधमसिंह नगर .03 (ऋणात्मक) अंक के साथ 104 वें नंबर पर
- वित्तीय समावेशन के मामले में हरिद्वार .019 अंकों के साथ 71वें नंबर पर और यूएस नगर 0 (शून्य) अंक के साथ 88 नंबर पर - बुनियादी ढांचे के मामले में ऊधमसिंह नगर 6.9 अंकों के साथ 12वें स्थान पर और हरिद्वार 4.4 अंकों के साथ 20वें नंबर पर
राज्य में कौशल विकास के स्तर को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत लगातार निर्देश देते रहते हैं। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड का ऊधमसिंह नगर जिला देश में अव्वल आया है। जिले में मौजूद बेहतर औद्योगिक परिवेश की वजह से भी काफी सहयोग मिला। हरिद्वार को बेहतर स्थिति में लाने के प्रयास किए जाएंगे।
- डॉ. पंकज कुमार पांडेय, मिशन निदेशक (उत्तराखंड कौशल विकास विभाग)