मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा त्यूनी अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी तरफ राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही बरतने पर नायब तहसीलदार, फायर यूनिट के प्रभारी समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। जबकि, तहसीलदार रूप सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतक चारों बच्चियों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि मामले की जांच डीआईजी रैंक के अधिकारी करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बता दें कि बृहस्पतिवार को त्यूनी में लकड़ी के चार मंजिला मकान में आग लगने से चार मासूम बच्चियां जिंदा जल गई थीं। लोगों ने दमकल कर्मियों पर शराब पीने और कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों का घेराव किया था। आक्रोश को देखते हुए दो दमकल कर्मियों को मेडिकल के लिए भेजा गया था। आरोप यह भी था कि दमकल वाहन में पर्याप्त पानी नहीं था। लिहाजा उसे दोबारा पानी भरने के लिए पांच किमी दूर कठंग जाना पड़ा था जिसमें समय लग गया। यदि और पानी होता तो मासूमों की जान बच सकती थी।
ये भी पढ़ें...Tyuni Agnikan: जल रहे थे मासूम.. बेबस नजर आया हर कोई...दिल दहला देने वाले भीषण अग्निकांड की 10 खौफनाक तस्वीरें
दूसरी ओर लोगों ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार के मौके पर मौजूद नहीं होने का भी आरोप लगाया था। ऐसे में शुक्रवार तड़के घटनास्थल पर पहुंचीं डीएम सोनिका ने नायब तहसीलदार त्यूनी ग्यारू दत्त जोशी को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि तहसीलदार रूप सिंह के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए लिखा गया है। वहीं, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि लापरवाही बरतने पर फायर यूनिट प्रभारी लीडिंग फायरमैन मनोज कुमार, चालक आकाश चौधरी, फायरमैन अमित कुमार और रितेश कुमार को निलंबित कर दिया है।
दमकल कर्मियों के लिए गए सैंपल
लोगों के आक्रोश को देखते हुए दोनों दमकल कर्मियों को हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू ले जाया गया। लेकिन, दूसरा राज्य होने के चलते अस्पताल प्रशासन ने उनका मेडिकल करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों को मेडिकल के लिए सीएचसी चकराता लाया गया। थाना अध्यक्ष त्यूनी आशीष रवियान ने बताया कि सीएचसी चकराता में दोनों के ब्लड और यूरिन के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।