देवभूमि उत्तराखंड में बढ़ रही बाल भिक्षावृत्ति व बालश्रम को रोकने के लिए पिथौरागढ़ के अजय ओली और कार्तिका थपलियाल चारधाम सहित 1250 किमी की यात्रा कर चुके हैं। उनका उद्देश्य हर व्यक्ति को बाल भिक्षावृत्ति से दूर रखते हुए उन्हें जागरूक करना है। वे, 40 हजार स्कूली बच्चों को भी भीख नहीं देने की शपथ दिला चुके हैं।
पिछले महीने अजय और कार्तिका बाल भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए पिथौरागढ़ से स्कूटी पर सवार हुए थे। इन दोनों ने गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम जाकर भी लोगों को बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम को रोकने के लिए जागरूक किया है।
केदारनाथ में भी इन दोनों ने यात्रियों को बालभिक्षा के बारे में सजग किया । उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा नई दिल्ली के इंडिया गेट पर संपन्न होगी। आगे भी इस क्षेत्र में कार्य किया जाएगा। युवाओं के इस प्रयास की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।