प्रेमनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात दून-पांवटा हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक के ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई। केरल और पश्चिम बंगाल निवासी दोनों छात्र प्रेमनगर स्थित दून पीजी कॉलेज से बीएससी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, किसी की ओर से कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था। देर रात तक दोनों के परिजन देहरादून पहुंच गए थे।
जोशी आर जॉनसन (22) पुत्र जेआर जॉनसन निवासी लोई इद्दुकी, कोचीन, केरल और ओलेकेंदू राहा पुत्र अतानू राहा निवासी अलीपुर दुआर, पश्चिम बंगाल की हाल ही में बीएससी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त हुई थी। शनिवार रात दोनों झाझरा स्थित राहा के कमरे पर थे। देर रात करीब 12 बजे दोनों जॉनसन की केटीएम बाइक से उसके सेलाकुई स्थित कमरे पर जा रहे थे। अभी वे बंसीवाला गांव के पास ही पहुंचे थे कि आगे चल रहा एक ट्रैक्टर अचानक बाईं तरफ मुड़ गया। इसी बीच उनकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई और दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर एसओ, प्रेमनगर मुकेश त्यागी मय फोर्स मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों को सीएचसी, प्रेमनगर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जोशी आर जॉनसन को मृत घोषित कर दिया। जबकि, ओलेकेंदू राहा को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने 108 की मदद से उसे श्री महंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया। यहां ओलेकेंदू ने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। एसओ मुकेश त्यागी ने बताया कि शवों को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जोशी आर जॉनसन के पिता दिन में ही दून पहुंच गए जबकि ओलेकेंदू के पिता रात को पहुंचे। जॉनसन के पिता ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन से अनुमति ली है। वे सोमवार को शव लेेकर केरल जाएंगे।