देहरादून। राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहला मामला पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी स्थित पूजा स्वीट शॉप का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि 64 वर्षीय गंभीर सिंह का शव फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
दूसरा मामला क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की राम मंदिर वाली गली का है। यहां मकान मालिक रवि ने सूचना दी कि उनके किरायेदार ने फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस और फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची तो 22 वर्षीय धर्मेंद्र निवासी लखीमपुर खीरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक का भाई भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस नियमानुसार जांच कर रही है।