जिलाधिकारी सविन बंसल ने बांगीधार (सल्ट) और भेटीकामा (द्वाराहाट) के राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारी) को अनुशासनहीनता के मामले में निलंबित कर दिया है। दोनों पटवारियों के खिलाफ मिली शिकायतों को लेकर उपजिलाधिकारियों ने जांच की थी और उनकी संस्तुति के आधार पर दोनों पटवारियों को निलंबित किया गया है।
बांगीधार के पटवारी पर अवैध शराब पकड़े जाने के मामले को धन और शराब लेकर रफादफा करने और भेटीकामा के पटवारी पर आए दिन शराब पीकर हंगामा और लोगों को गाली गलौज करने के आरोप हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि बांगीधार (सल्ट) के पटवारी नंदन सिंह करायत ने 26 अप्रैल को भगवत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह की दुकान में अवैध शराब बरामद की थी।
पटवारी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया और इसके एवज में पकड़ी गई शराब खुद रख ली और आरोपी से पैसे भी ले लिए। पटवारी के खिलाफ मिली शिकायत की जांच सल्ट के एसडीएम ने की और आरोप सही पाए जाने पर निलंबन की संस्तुति कर दी थी।
एसडीएम की संस्तुति के आधार पर पटवारी नंदन सिंह करायत को निलंबित करके जैंती तहसील में संबद्ध कर दिया गया है। डीएम ने इस मामले की जांच जैंती-भनोली के एसडीएम को सौंप दी है।
दूसरे मामले में भेटीकामा (द्वाराहाट) के पटवारी मोहन राम टम्टा पर 19 अप्रैल को जालली बाजार में शराब पीकर हंगामा करने के साथ ही एक व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप था।
द्वाराहाट के एसडीएम ने इस मामले में जांच करने के बाद पाया कि उक्त पटवारी आए दिन इस तरह की हरकत करता है। एसडीएम की संस्तुति पर जिलाधिकारी ने मोहन राम टम्टा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उसे अल्मोड़ा तहसील से संबद्ध करके मामले की जांच एसडीएम अल्मोड़ा को सौंप दी है।