-आयुष विभाग से संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति ने किया संस्थानों का औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। आयुष विभाग ने पैरामेडिकल संस्थानों में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को दो पैरामेडिकल कॉलेजों को चेतावनी जारी की गई है और एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति ने शनिवार को देहरादून के विभिन्न पैरामेडिकल संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान समिति ने आयुर्विद्या पैरामेडिकल कॉलेज (निकट रिस्पना पुल, देहरादून), अभ्यास आयुर्वेदिक कॉलेज (भनियावाला, देहरादून) और एसआर आयुर्वेदिक पैरामेडिकल कॉलेज (नेपाली फार्म, देहरादून) का क्रमवार दौरा किया। इनमें से आयुर्विद्या और अभ्यास पैरामेडिकल कॉलेज पूर्णतः बंद पाए गए, जिसके लिए दूरभाष पर संस्थानों ने होली के अवकाश का हवाला दिया।
एसआर पैरामेडिकल कॉलेज खुला तो था लेकिन वहां निर्धारित मानकों में कमी पाई गई। समिति ने इस लापरवाही को घोर अनुशासनहीनता मानते हुए एसआर पैरामेडिकल कॉलेज को मानकों को यथाशीघ्र पूर्ण करने की सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही, भारतीय चिकित्सा परिषद को निर्देश दिया गया कि बिना पूर्व सूचना के बंद पाए गए दोनों संस्थानों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। जांच दल में आयुष विभाग के संयुक्त सचिव महावीर सिंह, उपसचिव हनुमान प्रसाद तिवारी, अनुसचिव निर्मल कुमार, संयुक्त निदेशक केएस नपलच्याल और भारतीय चिकित्सा परिषद के सहायक रजिस्ट्रार संदीप सेमवाल शामिल थे।