कैलास मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे पांचवें दल के दो सदस्य गाला और बूंदी के बीच लमारी नामक स्थान पर घोड़े से गिरकर घायल हो गए। दोनों यात्रियों को बूंदी से हेलीकॉप्टर के जरिए दिल्ली ले जाया गया है।
उधर, यात्रा पूरी कर लौट रहे दूसरे दल के एक सदस्य ने भी निजी कारणों से जल्दी दिल्ली पहुंचने के लिए इसी हेलीकाप्टर का सहारा लिया।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार पांचवें दल में शामिल तमिलनाडु निवासी 59 वर्षीय बासुदेवन के स्वामी गाला से बूंदी जाते समय लमारी के पास घोड़े से गिर गए। उनके जबड़े में चोट आई है। वह आगे की यात्रा कर पाने की स्थिति में नहीं हैं।