जरा सोचिए अगर एक ही कमरे में दो अलग-अलग विषयों की कक्षाएं एक साथ चलें तो कैसा होगा? इसे केवल आप सोच ही जा सकते है लेकिन उत्तराखंड में ऐसा हो रहा है।
पढ़ाई बाधित
उत्तराखंड के पौड़ी में एक विद्यालय में एक कमरे में दो कक्षाएं चल रही है, जिससे पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए पौड़ी की विडोलस्यूं विकास समिति ने इस हाईस्कूल निसणी के भवन की मरम्मत की मांग उठाई है।
भवन दयनीय
निसणी गांव में समिति के अध्यक्ष सुल्तान सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राम सिंह, भजन सिंह, मंगली देवी, सरत सिंह, अवतार सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि निसणी गांव के हाईस्कूल के भवन की हालत काफी दयनीय बनी हुई है।
प्रधानाचार्य भी नहीं
यही नहीं इस स्कूल में प्रधानाचार्य का पद कई सालों से रिक्त है। बैठक में बुडणी, निसणी, ठामका तथा रतनकोटी के ग्रामीणों ने गैस की गाड़ी निसणी तक ले जाने, मरोड़ा गांव के लोगों ने गांव के संपर्क मार्ग का विस्तारीकरण करने की मांग उठाई।
अभिभावक नाराज
इस मौके पर फुरखंडाखाल-शुक्र-बुडनी मार्ग के निर्माण में देरी होने पर असंतोष जताया गया। ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग का निर्माण नहीं होने से खिर्सू चौबट्टा आने-जाने के लिए 36 किमी ज्यादा सफर तय करना पड़ रहा है। इस मौके पर समिति के महासचिव मातवर सिंह रावत, जनार्दन सिंह, लक्ष्मण सिंह, दलीप सिंह, बालम सिंह, बिजेंद्र सिंह, भरत सिंह, मदन सिंह, धर्म सिंह और चंद्र सिंह आदि मौजूद थे।