हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में गंगा में हो रहे अंधाधुंध खनन से हुए गहरे गड्ढों ने दो भाइयों की जान ले ली। शुक्रवार को दोस्तों के साथ नहाने गए भाइयों में से जब एक डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने कूद गया लेकिन वह भी गड्ढे में समा गया।
सूचना पर पहुंचे गांव के युवकों ने दोनों के शव बाहर निकाले। दोनों भाइयों की मौत से नई कुंडी गांव में शोक छाया हुआ है। घटना होली (शुक्रवार) के दिन शाम करीब चार बजे की है।
पथरी क्षेत्र के नई कुंडी गांव में चाऊमीन की ठेली लगाने वाले नरेंद्र कश्यप के दोनों बेटे राहुल उर्फ अभिषेक (18 वर्ष) और विकास (16) अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद गंगा की मुख्य धारा में नहाने गए हुए थे।
राहुल दोस्तों के बीच से हटकर तैरने लगा। इसी बीच वह डूबने लगा। बड़े भाई को डूबता देख विकास उसे बचाने गया तो वह भी उसी जगह डूब गया।