फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: दून महिला अस्पताल के बाद अब इस सरकारी अस्पताल में गर्भ में हुई दो शिशुओं की मौत

Mon, 24 Sep 2018 08:47 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन

अभी देहरादून के दून महिला अस्पताल में फर्श पर हुई डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा की मौत का मामला शांत नहीं हुआ था कि एक और सरकारी अस्पताल में गर्भ में ही 2 शिशुओं की मौत का मामला सामने आया है।

विज्ञापन


श्रीनगर गढ़वाल में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग एक बार फिर लापरवाही के चलते चर्चाओं में है। यहां एक सप्ताह के अंदर सीनियर डॉक्टर न आने की वजह से गर्भ में ही 2 शिशुओं की मौत की खबर है।

एक मामले में बेस टीचिंग अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत मिल चुकी है। जबकि दूसरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केपी सिंह का कहना है कि उक्त मामले में प्राचार्य से जांच कमेटी गठित कराने का अनुरोध किया गया है।

विज्ञापन

डॉक्टर के न आने की वजह से प्रसूता के गर्भ में ही शिशु की मौत हो गई

मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पहले से बनी हुई है। यहां जो डॉक्टर हैं, अकसर उनकी भी लापरवाही की शिकायत मिलती रहती हैं। इस बार मामला ज्यादा गंभीर है।

बताया जा रहा है कि 12 से 17 सितंबर के बीच यहां दो घटनाएं हुई हैं। जिनमें प्रसव के लिए सीनियर डॉक्टर के न आने की वजह से प्रसूता के गर्भ में ही शिशु की मौत हो गई।

दोनों ही मामलों में प्रशिक्षु और जूनियर डॉक्टरों के भरोसे प्रसूताओं को छोड़ दिया। उनके परिजनों ने सिजेरियन कराने की मिन्नतें की। लेकिन सीनियर डॉक्टर के न आने से यह संभव नहीं हुआ। मजबूरन सामान्य प्रसव करवाए गए लेकिन नवजातों में जान नहीं थी।   

कई बार बुलाने के बावजूद सीनियर डॉक्टर नहीं आई

पहला मामला 12 सितंबर का है। श्रीनगर के डांग मुहल्ले की प्रसूता की स्थिति को देखते हुए संयुक्त अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन वहां कई बार बुलाने के बावजूद ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर नहीं आई। इस मामले में परिजनों ने कोतवाली और अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत दी है। 

जबकि दूसरे मामले में लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। लेकिन सोशल मीडिया में यह मामला वायरल हो रहा है। जिसमें संबंधित डॉक्टर की काफी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया की पोस्ट के अनुसार, 17 सितंबर को पौड़ी से रेफर होकर यहां प्रसूता को लाया गया। लेकिन समय पर सीनियर डॉक्टर नहीं आया।

18 की सुबह डॉक्टर आए, लेकिन वह ऑपरेशन करने के बजाय एक निजी पैथोलॉली सेंटर में चले गए। अपराह्न 3.40 बजे जब गर्भस्थ शिशु की धड़कन बंद हुई, तो परिजनों ने अल्ट्रासाउंड कराया। तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के सूत्रों ने भी इसकी पुष्टि की है कि वार्ड में इस तरह का मामला आया था।  
विज्ञापन

आरोपी डॉक्टर अवकाश पर  

12 सितंबर की ऑन कॉल ड्यूटी डॉक्टर इस घटना के बाद से अवकाश में चली गई है। लोगों की आम शिकायत है कि अस्पताल में प्रसव प्रशिक्षु डॉक्टर करते हैं, जिनको इतना ज्ञान नहीं है। ऐसे में जच्चा-बच्चा दोनों की जान को खतरा बना रहता है।  

एक मामले में लिखित शिकायत मिली थी। संबंधित डॉक्टर अवकाश पर हैं। प्राचार्य से अनुरोध किया गया है कि जांच कमेटी गठित की जाए। दूसरे मामले में यदि लिखित शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई की जाएगी। विभाग को नोटिस जारी किया गया है कि किसी भी दशा में इमरजेंसी केस लेने से मना न किया जाए।
- प्रो. केपी सिंह, एमएस बेस अस्पताल श्रीनगर 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें