‘काश, तुषार भी अपने तीन भाइयों के साथ ही स्कूल से छुट्टी कर लेता तो उसकी जान बच जाती।’ तुषार की मां, ताई और अन्य परिजन रो-रोकर यही बात दोहरा रहे हैं।
कृष्णा नगर की गली नंबर तीन निवासी सतीश कुमार धीमान और उनके बड़े भाई आदेश धीमान साथ रहते हैं। सतीश के दो बेटे विशाल धीमान (14 वर्ष) एवं तुषार धीमान (12 वर्ष) हैं। आदेश के तीन बेटे सौरभ, शेखर और गौरव हैं। सौरभ धनौरी स्थित एक कालेज से बीएससी कर रहा है।
तुषार, विशाल, शेखर और गौरव चारों राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। चारों भाई रोजाना साथ ही स्कूल जाते हैं। तुषार की ताई रेखा धीमान के मुताबिक शनिवार को विशाल, शेखर और गौरव ने बताया स्कूल के पास कार्यक्रम है। इस कारण ज्यादा पढ़ाई नहीं होगी। इसलिए तीनों ने स्कूल की छुट्टी रख ली, लेकिन तुषार ने कहा वह छुट्टी नहीं करेगा।
हालांकि उससे भी कहा गया था कि छुट्टी रख ले। तुषार की मां किरण देवी, ताई रेखा और परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बस यही बात कह रहे हैं कि काश, तुषार भी आज स्कूल की छुट्टी रख लेता तो उसकी जान बच जाती।