आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस से साधा संपर्क
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस से संपर्क साधा गया है। चूंकि आरोपी नेपाल का है, ऐसे में यह पूरी आशंका है कि वह वहां भागकर जा सकता है। इसके अलावा उसके भारत में भी अलग-अलग जगह काम करने की बात सामने आई है। हाल ही में आरोपी हरिद्वार में भी काम करता था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम को चौकन्ना कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
भाई बोला हम भारतीय, हमें देश से प्यार
एंजल चकमा के भाई माइकल ने कहा कि हम भारतीय हैं, हमें देश से प्यार है। उन्होंने अपने भाई एंजल की हत्या के बाद एक इंटरव्यू में यह बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टता के भ्रामक जानकारी न फैलाएं।
एंजेल चकमा मामले में पूर्व सांसद ने गृहमंत्री से मांगा मिलने का समय
भाजपा के पूर्व सांसद तरुण विजय त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद से उनके पिता तरुण प्रताप के लगातार संपर्क में है। एंजेल चकमा की हत्या के मामले में उच्च स्तरीय जांच के लिए पूर्व सांसद तरुण विजय ने गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के लिए समय मांगा है। उन्होंने बताया कि समय मिलते ही वह गृहमंत्री से मिलकर छात्र की हत्या की उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे। जल्द ही दिल्ली में भी प्रार्थना सभा आयोजित कर छात्र एंजेल चकमा को श्रद्धांजलि दी जाएगी। तरुण विजय ने कहा कि एंजेल चकमा के पिता से फोन पर लगातार बात हो रही है। वह भी लगातार उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। सरकार एंजेल चकमा के परिवार को आर्थिक सहायता दे।