चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को कोई समस्या न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने 1600 बसों का बेड़ा तैयार कर लिया है। यह बसें नौ रोटेशन कंपनियों के जरिये संचालित की जाएंगी। वहीं, कुमाऊं और हरिद्वार से भी बड़ी संख्या में बसों का संचालन किया जाएगा। जरुरत पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी मंगाया जाएगा।
पिछली बार करीब 1300 बसों का प्रयोग किया गया था।चारधाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू होनी है। इसके लिए सभी विभागों ने कमर कस ली है। परिवहन विभाग ने भी चारधाम यात्रा को संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियों को पूरा कर लिया है।
आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि यात्रा में वाहनों की कमी नहीं रहेगी। नौ रोटेशन कंपनियों से बातचीत के आधार पर बसों की आवश्यकता और उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। 1600 बसों का इंतजाम किया गया है, इसमें से 800 बसें स्टेज कैरिज की होंगी।