नैनीताल में हुए आत्मदाह के घटनाक्रम और उसके बाद हुई कांग्रेसियों की लड़ाई में राज्य सरकार ने नैनीताल के डीएम व एसएसपी को हटा दिया है।
दोनों अफसरों के स्थान पर नए अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई। दीपक रावत नैनताल के नए डीएम व सेंथिल कृष्णराज एसएसपी होंगे। दोनों ही अफसर 2007 बैच के आईएएस है। सप्ताह भर पहले नैनीताल के रामनगर में हुए आत्मदाह और उसकेबाद कांग्रेसियों के आपसी टकराव की खामियाजा जिले के अफसरों ने भुगता।
डीएम व एसएसपी को हटाकर शासन में तैनात कर दिया गया। डीएम अक्षत गुप्ता को पीडब्लूडी का अपर सचिव बनाया गया है। इसके अलावा एसएसपी विम्मी सचदेवा रमन को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा है।
अगली पोस्टिंग आने तक वह प्रमुख सचिव कार्मिक कार्यालय से अटैच रहेंगी। कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी व राजस्व परिषद के सदस्य न्यायिक कुमाऊं दीपक रावत नैनीताल के नए डीएम होंगे। स्पेशल टास्क फोर्स के एसपी सेंथिल अवूदई कृष्ण राज को नैनीताल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सेंथिल फिलहाल डेढ़ वर्ष से भी ज्यादा समय से एसटीएफ के एसपी है और इससे पहले लगभग एक साल चम्पावत के एसपी रहे।
कुल मिलाकर नैनीताल से दोनों आला अफसरों को हटाने के पीछे रामनगर की घटना को कारण माना जा रहा है। सप्ताह भर पहले एक कांग्रेस युवक द्वारा आत्मदाह करने की कोशिश और पार्टी के दो धड़ों के आमने सामने आने केबाद से नैनीताल कांग्रेस की राजनीति गर्म हो गई थी। कैबिनेट मंत्री इंदिरा ह्दयेश ने भी एसएसपी को हटाने केमामले को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया था। लेकिन मुख्यमंत्री ने एसएसपी के साथ ही डीएम को भी हटा दिया।