होली की छुट्टियों पर ट्रेनों में सीट की मारामारी शुरू हो गई है। आलम यह है कि कई रूटों पर वेटिंग 200 से ऊपर पहुंच गई है। इसके बावजूद रेलवे ने ट्रेन बढ़ाना तो दूर किसी भी ट्रेन में एक अतिरिक्त कोच भी नहीं लगाया है। इस बारे में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दून स्टेशन का प्लेटफार्म छोटा होने की वजह से अतिरिक्त ट्रेन या कोच लगाना मुश्किल है।
होली मनाने घर जाने की आस में कई दिन पहले रिजर्वेशन करा चुके तमाम लोगों की वेटिंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। दून से सैकड़ों मील दूर रहने वाले लोगों के पास वैकल्पिक साधन कम होने से उनकी मुसीबत ज्यादा बढ़ गई है।
वेटिंग भी खत्म
यात्री इस आस में थे कि अधिक वेटिंग देखते हुए रेलवे होली स्पेशल के रूप में दून से या तो अतिरिक्त ट्रेन चलाएगा या कोच बढ़ाएगा। लेकिन रेलवे के इस मामले में हाथ खड़ा करने से यात्री अब भी दुविधा में हैं।
कुछ वैकल्पिक साधन तलाश रहे हैं तो कुछ प्लान कैंसिल करने को मजबूर हैं। दिल्ली, बिहार, लखनऊ, इलाहाबाद रूट की ज्यादातर ट्रेनों में अब वेटिंग भी नहीं मिल रही है।
स्टेशन अधीक्षक करतार सिंह भी मानते हैं कि होली के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि होली से पहले और कुछ दिन बाद तक की सभी ट्रेनों की विभिन्न श्रेणी की वेटिंग की स्थिति से मुरादाबाद मंडल को अवगत कराया जा चुका है।