राजधानी देहरादून में करवाचौथ की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। मंगलवार को करवाचौथ है इसके लिए लोग आज खरीदारी करने के लिए पलटन बाजार में ऐसे उमड़े कि जाम लग गया है।
लोग एक दूसरे को धक्कामुक्की करते हुए चल रहे हैं। लोगों को खरीदारी का भारी उत्साह देखा जा रहा है। जाम के कारण भी लोग यहां आने से हिचक नहीं रहे हैं। इसकी वजह से पलटन बाजार के आसपास भी जाम लग गया है।
फुटपाथ पर दुकानें
पलटन बाजार में जाम की एक वजह दुकानदारों का दुकानें फुटपाथ पर लगा लेना भी है। त्योहारों की वजह से सभी दुकानदारों की कोशिश है कि वह अधिक से अधिक ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करके खूब बिक्री करें। इस प्रयास में उन्होंने कानून को ताक पर रखते हुए फुटपाथ पर दुकानें सजा ली हैं। इसकी वजह से बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग खूब परेशान हो रहे हैं।
मेहंदी लगाने वाले भी फुटपाथ पर
करवाचौथ के लिए महिलाएं अपने हाथों में मेहंदी लगवाने के लिए पलटन बाजार में उमड़ गई हैं। मेहंदी लगाने वाले कलाकार सड़क के किनारे फुटपाथ से नीचे बैठे हैं। फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है तो उसके बाद सड़क का एक हिस्सा मेहंदी लगाने वालों ने कब्जा लिया है। इस वजह से बाजार में चलना मुश्किल हो गया है।
बाजार में घुस रहे हैं वाहन
पलटन बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने दोपहिया वाहनों को लेकर घुर गए हैं। इस वजह से भी यहां जाम लग गया है। बाजार में लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के जवान इक्का दुक्का ही नजर आ रहे हैं।