मसूरी मे आयोजित फूड फेस्टीवल में पर्यटक उत्तराखंड के लजीज व्यंजनों का उठा रहे लुत्फ ,पर्यटक पहाङ?
- फोटो : MUSSOORIE
पहाड़ों की रानी मसूरी में आयोजित फूड फेस्टीवल के दूसरे दिन पर्यटकों ने जमकर पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। फूड फेस्टीवल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित फूड फेस्टिवल में तीस स्टॉल में गढ़वाल और कुमाऊं के कई पकवान बनाए गए। जिसका पयर्टक भरपूर आनंद ले रहे हैं।
मालरोड स्थित आयोजित फूड फेस्टीवल में उत्तराखंड के कई प्रकार के व्यंजन स्टाल संचालक पर्यटकों को परोस रहे हैं। फूड फेस्टिवल में पहाड़ी व्यंजन खाने के बाद पर्यटक पूनम पंवार ने कहा कि फूड फेस्टिवल में कंडाली का साग और भात खाया तो बड़ा आनंद आया। कहा इस तरह के आयोजनों से ही पहाड़ के फूड़ पूरे देश में प्रसिद्ध होंगे। पर्यटक डॉ.शीतल ने कहा कि फूड फेस्टिवल में कई तरह के व्यंजन जिसमें झंगोरे की खीर, कंडाली का साग, दाल के पकोड़े अरसे, मंडूवे की रोटी सहित कई प्रकार के व्यंजन खाने को मिले। अल्मोड़ा की बाल मिठाई भी लोगों को खूब भा रही है। फेस्टिवल में कुलद के दाल की भरुवा रोटी, कद्दू का रायता, तिल की चटनी, तुअर की दाल, मंडूवे के मोमो, पत्यूड़ सहित कई प्रकार के व्यंजन लोगों को खूब भा रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड संस्कृति परिवार की ओर से आयोजित पहाड़ी व्यंजन पहाड़ कू स्वाद रसोई संचालिक गीता कुमाईं ने कहा कि उत्तराखंड के लजीज व्यंजनों को खाने के लिए पर्यटकों में उत्साद दिखाई दे रहा। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड के फूड को प्रमोट करने के उद्देश्य से आयोजित फूड फेस्टिवल से सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।