फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीमताल झील के एक्वेरियम में अब नहीं देख पाएंगे रंग बिरंगी मछलियां, सैलानियों की एंट्री हुई बंद

Fri, 26 Apr 2019 01:00 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हल्द्वानी/भीमताल (नैनीताल)
विज्ञापन
भीमताल झील के एक्वेरियम में मछलियां - फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही के चलते भीमताल झील के मध्य स्थित एक्वेरियम में मौजूद मछलियां मरने लगीं हैं। इसके चलते प्राधिकरण ने सैलानियों के एक्वेरियम में प्रवेश पर ही रोक लगा दी।

 

इससे जहां एक ओर एक्वेरियम में रंग-बिरंगी मछलियों का दीदार करने पहुंच रहे सैलानियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है, वहीं नौका चालकों और पर्यटन व्यवसायियों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एक्वेरियम की अनदेखी को लेकर पर्यटन व्यवसायियों में प्राधिकरण के अफसरों के प्रति गुस्सा है।

विज्ञापन

1.48 करोड़ की लागत से निर्मित इस एक्वेरियम का शुभारंभ तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने 8 जनवरी 2010 को किया था। एक्वेरियम में मछलियों की उपलब्धता और उसके रखरखाव के लिए दिल्ली की एक कंपनी को ठेका दिया गया।

 

शुरुआत में ठेकेदार ने एक्वेरियम में समुद्र में पाई जाने वाली कई प्रजातियों की मछलियों को रखा था। इसकी पहचान एशिया के दूसरे नंबर के एक्वेरियम के रूप में भी की जाती थी, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते पिछले कुछ समय से एक्वेरियम में मौजूद मछलियां मर रही हैं। ऐसे में प्राधिकरण ने एक्वेरियम में सैलानियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

विज्ञापन

टिकट काउंटर पर तैनात कर्मचारी महेश जोशी के मुताबिक, सैलानियों को एक्वेरियम भ्रमण के टिकट जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसका असर नौका चालकों और पर्यटन व्यवसायियों के रोजगार पर पड़ा है। पर्यटन व्यवसायी मौजूदा हालात के लिए प्राधिकरण के अफसरों को जिम्मेदार मान रहे हैं।

सैलानियों के एक्वेरियम में प्रवेश पर रोक लगी होने के कारण प्राधिकरण को रोज हजारों रुपये राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक्वेरियम में घूमने के लिए प्रति सैलानी 60 रुपये का शुल्क तय था, इससे रोजाना प्राधिकरण को हजारों रुपये की आय होती थी, लेकिन जब से सैलानियों का प्रवेश बंद हुआ है, तब से एक्वेरियम में सन्नाटा पसरा है।

पर्यटन व्यवसायी गुस्से में, तालाबंदी की चेतावनी दी
एक्वेरियम की दशा सुधारने के बजाए सैलानियों का प्रवेश रोकने से नौका चालक और पर्यटन व्यवसायी गुस्से में हैं। पर्यटन व्यवसायी देवेंद्र सिंह फर्त्याल का कहना है कि यदि पर्यटक सीजन शुरू होने से पहले एक्वेरियम की दशा नहीं सुधारी गई तो व्यवसायी आंदोलन को मजबूर होंगे।

एक्वेरियम में मछलियां न होने के कारण सैलानियों का प्रवेश फिलहाल कुछ समय के लिए रोका गया है। एक्वेरियम को पर्यटक सीजन में बेहतर रूप देने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही व्यवस्थाओं को चाक चौबंद कर इसे सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा। 
-हरबीर सिंह, सचिव, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें