शनिवार रविवार को उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। रविवार सुबह से विभिन्न स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। बदरीनाथ, हेमकुंड और पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम में आए इस बदलाव से पर्यटकों और स्थानीय लोगों के चेहरे खुशी से खिल गए।
वहीं शनिवार को दोपहर बाद से ही राजधानी देहरादून में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबादी हुई। देर रात गरज के साथ तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बहरहाल मौसम विभाग की उत्तराखंड में वर्षा, ओलावृष्टि, झक्कड़ व हिमपात की चेतावनी सही साबित हुई।
सूबे में शनिवार सुबह से ही कहीं आंशिक तो कहीं आमतौर पर बादलों की मौजूदगी बनी हुई है। चमोली जिले में दोपहर बाद बादलों की आवक घनी हुई और फिर बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई।