उत्तराखंउ में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुर्नवास में कांग्रेस का साथ देने की बात फिर से दोहराई है।
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने बुधवार को आपदा प्रभावित जौलजीबी, नयां बस्ती, गूठी, छारछुम, बलुवाकोट, धारचूला का दौरा किया।
पीड़ितों से मुलाकात कर पूर्व सीएम ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार के साथ मिलकर प्रभावितों के पुनर्वास का प्रयास किया जाएगा। इससे पहले निशंक ने जिला मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।
धारचूला के जीआईसी स्थित राहत शिविर में सोबला, न्यू, खिम, कंच्योती, तेजम, तवाघाट, ऐलागाड़, दोबाट के आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर पूर्व सीएम निशंक ने कहा कि इस समय मिलकर काम करने की जरूरत है। सरकार पुनर्वास का जो भी प्रस्ताव लाएगी भाजपा एक जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते प्रस्ताव का पूरा समर्थन करेगी।
पहाड़ में एक ही मकान में कई परिवारों के रहने का मामला उन्होंने सरकार के सामने उठाया था। सरकार अब सबको अलग परिवार मानने पर सहमत हो गई है। उनके साथ मौजूद एसडीएम प्रमोद कुमार ने पूर्व सीएम को बताया कि इस संबंध में शासनादेश आ गया है।
निशंक के साथ पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, विधायक अजय टम्टा, खुशाल सिंह पिपलिया, अशोक नबियाल, रुकम सिंह बिष्ट, महेंद्र बुदियाल, ओम प्रकाश कापड़ी मौजूद थे।