कुंभ में बनाए जा रहे कोविड केयर सेंटरों के बहाने चार सरकारी खस्ताहाल हो चुके सरकारी भवनों को भी संजीवनी मिल सकती है। इनकी हालत सुधारने के लिए जिला प्रशसन की ओर से 46 लाख रुपये जारी किए गए हैं। कुंभ के बाद इनका प्रयोग संबंधित संस्था कर सकेगी।
कुंभ मेले में कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। इनमें होटलों और सरकारी बिल्डिंगों को भी शामिल किया गया है, लेकिन जिला प्रशासान ने योजना बनाई है कि जरूरत पड़ने पर पहले हरिद्वार के सरकारी भवनों को ही प्रयोग में किया जाएगा, ताकि होटलों का खर्चा न भरना पड़े।
जिलाधिकारी सी. रवि शंकर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व केके मिश्रा ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के एक हॉस्पिटल और एक हॉस्टल तथा लालढांग के महिला व अनुसूचित जाति व जनजाति आवासीय विद्यालय को कोविड केयर सेंटर को चिह्नित कर लिया है, लेकिन इन सरकारी भवनों की हालत ठीक नहीं है, कहीं प्लास्टर उतर रहा है तो कहीं खिड़की और दरवाजे टूट पड़ें। इनमें शौचालयों की भी हालत ठीक नहीं है।
इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने चारों भवनों की हालत सुधारने के लिए 46 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। कुंभ के बाद इन्हें संबंधित संस्था को ही दे दिया जाएगा। जिससे वह इनका प्रयोग कर सकेंगी।
खस्ताहाल पड़े चारों सरकारी भवनों को ठीक करने के लिए बजट जारी कर दिया गया है। इन्हें कुंभ शुरू होने से पहले ही ठीक करा दिया जाएगा, ताकि कुंभ में जरूरत पड़ने पर इनमें कोरोना संक्रमितों को भर्ती कराया जा सके। मरम्मतीकरण से कुंभ में कोविड केयर तो इन्हें बना लिया जाएगा ही। साथ ही इनकी हालत सुधरने से भविष्य में संबंधित संस्थाएं भी इनका प्रयोग कर सकेंगी।
-केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व