कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को सीएम तीरथ सिंह रावत रावत के संक्रमित होने के बाद उन्होंने अपनी कोविड जांच कराई थी।वहीं, हरिद्वार में लघु व्यापारियों ने अलकनंदा घाट पर गंगा पूजन कर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। व्यापारियों ने गंगा घाटों पर स्नान के लिए आने वाले यात्रियों से कोविड नियमों का पालन करने को लेकर जागरूक भी किया। वहीं घाटों पर बिना मास्क लगाए घूम यात्रियों को मास्क वितरित किए।
देश दुनिया में कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए लघु व्यापार एसोसिएशन ने गंगा घाटों पर जन जागरूकता अभियान चलाया। भाजपा नेता संजय चोपड़ा ने कहा मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद कुंभनगरी ही नहीं पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी कहा मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से कुंभ मेले के आयोजन को लेकर संत- महात्माओं, व्यापारियों की काफी आशाएं बनी हुई हैं। इस दौरान राजेंद्र पाल, जयसिंह बिष्ट, राम बहादुर, राम किशोर, चंदन सिंह सैनी, ओमप्रकाश रावत, प्रभात चौधरी, शेरपाल सिंह, वीरेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (युवक) में मंगलवार को एक छात्र के कोविड संक्रमित पाए जाने पर मशीनिस्ट ट्रेड की कक्षाएं तीन दिन के लिए बंद कर दी गईं हैं। शिक्षकों को भी आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस ट्रेड के छात्रों को अब कक्षा में आने से पहले अपनी कोविड-19 जांच की रिपोर्ट देनी होगी। प्रधानाचार्य जेएस जलाल ने बताया कि छात्र की तबीयत दो-तीन दिन से खराब थी। आईटीआई के सभी शिक्षकों और छात्रों से कहा गया है कि स्वास्थ्य में किसी तरह की दिक्कत होने पर जांच जरूर कराएं। प्रधानाचार्य ने बताया कि पूरे आईटीआई को बंद नहीं किया गया है। केवल संबंधित ट्रेड की कक्षाएं बंद की गईं हैं।
अलवर से लौटे दो भाइयों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
देहरादून सेलाकुई से राजस्थान के अलवर गए एक परिवार में दो सगे भाइयों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अलवर से लौटने के बाद पूरे परिवार का आशारोड़ी चेक पोस्ट पर एंटीजन जांच की गई तो दोनों भाई संक्रमित पाए गए। जबकि, माता-पिता समेत परिवार के चार अन्य सदस्यों में संक्रमण नहीं मिला। कोरोना संक्रमित दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आशारोड़ी चेकपोस्ट पर तैनात कर्मचारियों आशीष किमोठी व हिमांशु ने बताया कि सेलाकुई निवासी एक परिवार अलवर किसी कार्यक्रम में गया था। तीन दिन बाद मंगलवार को परिवार जब अलवर से लौटा तो आशारोड़ी चेकपोस्ट पर सभी सदस्यों की कोरोना जांच की गई।
एंटीजन टेस्ट में 12 और 20 साल के दो सगे भाइयों में संक्रमण की पुष्टि हुई। कर्मचारियों की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया। कर्मचारियों ने बताया कि पूरे परिवार का एंटीजन टेस्ट किया गया था, लेकिन बाकी सदस्यों में कोरोना का संक्रमण नहीं पाया गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिवार को आइसोलेशन में रखा गया है।