मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोविड टीकाकरण को मिशन मोड के तहत चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंस पर हुई बैठक के बाद दिए।
कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संवाद के लिए वीडियो कांफ्रेंस बैठक की। इस बैठक में उत्तराखंड पर चर्चा नहीं हो सकी। बैठक में शामिल मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बाद में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जन जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कोविड टीकाकरण मिशन मोड पर चलाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाए जाए। दवाई के साथ कड़ाई भी जरूरी है।
लोगों को दो गज दूरी, मास्क की अनिवार्यता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीपीसीआर टेस्ट पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकांश आरटीपीसीआर टेस्टिंग हो। यदि किसी क्षेत्र में कोरोना के अधिक मामले आते हैं, ऐसे क्षेत्रों में माइक्रो कंटेंनमेंट जोन बनाए जाएं। टेस्ट, ट्रेक एवं ट्रीट पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन युगल किशोर पंत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।