धामावाला बाजार स्थित एक ज्वेलरी वर्कशॉप के कर्मचारी से दो बदमाश सोने का हार ठगकर फरार हो गए। वर्कशॉप मालिक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नारायण मंडल की धामावाला बाजार में ज्वेलरी वर्कशॉप है। यहां वेस्ट बंगाल निवासी विभास मन्ना एक साल से काम करता है। बताया कि विभास को एक सोने का हार रिपेयरिंग के लिए दिया था। जिसे वह गणपति मार्केट के तृतीय तल पर ले गया। इसी बीच वापस आते समय रास्ते में उसे दो अज्ञात लोग मिले। उन्होंने बातों में उलझाया और हार लेकर फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल रितेश साह ने कहा कि जल्द ही ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।