तीन साल की बेटी को आंगनबाड़ी केंद्र में छोड़ने जा रही स्कूटी सवार महिला डंपर की चपेट में आ गई। स्कूटी पर डंपर की टक्कर से महिला को तो कोई चोट नहीं है, लेकिन उसकी तीन साल की बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद से मां बदहवास है।
श्यामपुर में तीन साल की बेटी को आंगनबाड़ी केंद्र में छोड़ने जा रही स्कूटी सवार मां को डंपर ने टक्कर मार दी। जिसमें मासूम की डंपर नीचे आने से मौत हो गई। हालांकि, उसकी मां को खरोंच तक नहीं आई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक विस्थापित क्षेत्र निवासी रेखा देवी (25) पत्नी सुरेंद्र सिंह बिष्ट अपनी तीन साल की बेटी सोनिका को सुबह करीब 9.30 बजे स्कूटी से खदरी में आंगनबाड़ी केंद्र छोड़ने जा रही थी। लक्कड़घाट रोड पर चोपड़ाफार्म के समीप उसे सामने से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी।