उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पुराली गांव के 22 वर्षीय अभिराज ने भालू से जमकर मुकाबला किया। परिणाम स्वरूप वह अपने आपको भालू से बचाने में कामयाब रहा। इस दौरान घायल होने पर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उपला टकनौर के पुराली गांव का निवासी अभिराज पुत्र प्रथम सिंह रविवार की सुबह अपने सेब के बगीचे में गया था। यहां भालू ने उस पर हमला बोल दिया।
पढें, दादा के नाम पर योजना, पोते को दिखाया ठेंगा!
भालू का हमला जारी
मदद के लिए उसने शोर मचाया लेकिन आसपास कोई नहीं था। उधर, भालू का हमला जारी था। उसने मौत सामने देखते हुए भी खुद को संभाला और हिम्मत कर भालू से भिड़ गया।
उस पर जमकर लात-घूसे भिजवाए। इस प्रतिरोध पर भालू ठिठका तो अभिराज ने पत्थरों से हमला बोल दिया जिससे भालू उसे छोड़ भाग खड़ा हुआ।
पीठ पर नाखून लगने से जख्मी
करीब पांच मिनट तक हुए इस संघर्ष में युवक पांव और पीठ पर नाखून लगने से जख्मी हो गया और खुद ही घर पहुंचा।
परिजनों ने उसे हर्षिल के स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार को उसे हेलीकाप्टर से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पढें, मुजफ्फरनगर दंगों ने 'दिल्ली' के रास्ते को किया 'तंग'
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महादेव प्रसाद ने वन विभाग से पीड़ित युवक को मुआवजा देने के साथ ही ग्रामीणों को जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की।
भालू के हमले में किशोरी घायल
उत्तरकाशी के ही रैथल गांव निवासी अवतार सिंह की 15 वर्षीय पुत्री वंदना को रविवार की दोपहर भालू ने हमला कर घायल कर दिया। हमले के समय वह घर के पास ही खेत में घास काट रही थी।
शोर मचाने पर परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोरी को भालू के चंगुल से छुड़ाया। उपचार के लिए उसे भटवाड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र में भर्ती कराया गया है। भर्ती किया।
भालू के हमले से एक घायल
दूसरी ओर चमोली जनपद में नारायणबगड के मरोड़ा गांव में एक व्यक्ति को भालू ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में उपचार के बाद पहले सीएचसी कर्णप्रयाग और वहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
विक्रम सिंह (40) रविवार दोपहर बाद बकरियों को चुगाने जंगल गया था। इसी दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हायर सेंटर रेफर
साथ में गए अन्य ग्रामीणों ने घटना की सूचना गांव में दी। परिजन और ग्रामीण उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ लाए, जहां से उसे सीएचसी कर्णप्रयाग भेजा गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।