जौनसार-बावर क्षेत्र में पहाड़ों से लगातार पत्थर और मलबा दरकने के कारण मोटर मार्गों के बंद होने का सिलसिला जारी है। सोमवार को पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण तीन प्रमुख मोटर मार्ग बंद रहे, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, पहाड़ों पर बारिश कम होने से यमुना और टौंस नदियों का जलस्तर सामान्य बना हुआ है, जिससे राहत है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को लोक निर्माण विभाग अस्थायी खंड साहिया का भूपोऊ मोटर मार्ग और पीएमजीएसवाई कालसी के तहत बिरपा बैंड से खारसी व मीनस-बायला मोटर मार्ग भारी मलबा और पत्थर गिरने से बाधित हो गए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अनुज भारद्वाज ने बताया कि बंद मोटर मार्गों से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। देर रात तक सभी रास्तों को यातायात के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।
नदियों का जलस्तर सामान्य
पहाड़ी इलाकों में बारिश कम होने से नदियों के उफान में कमी आई है। यमुना नदी फिलहाल 454.76 मीटर पर बह रही है, जबकि यहां खतरे का निशान 455.37 मीटर है। डाकपत्थर बैराज से नदी में 527.29 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उधर, टौंस नदी का जलस्तर 644.15 मीटर (खतरे के निशान 644.15 मीटर के स्तर पर) दर्ज किया गया है। नदी पर बने इच्छाड़ी बांध से 355.80 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।