फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली चोरी के मामले में एसई समेत तीन कर्मचारी निलंबित, मिल मालिक पर मुकदमा दर्ज 

Wed, 24 Apr 2019 11:47 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
बिजली चोरी - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

कुमाऊं क्षेत्र के गदरपुर स्थित यशोदा इंडस्ट्रीज राइस मिल में लाखों रुपए की बिजली चोरी के मामले में यूपीसीएल ने सख्त कदम उठाया है। यूपीसीएल ने अवर अभियंता समेत तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई के बाद अब अधीक्षण अभियंता नरेंद्र सिंह टोलिया, अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी और एसडीओ गिरीशचंद्र आर्य को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

 

मुख्य अभियंता कुमाऊं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही प्रकरण की विस्तृत जांच यूपीसीएल के निदेशक (परिचालन) को सौंपी गई है। ऊर्जा सचिव ने तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है।

विज्ञापन


गदरपुर स्थित मेसर्स यशोदा इंडस्ट्रीज राइस मिल में बिजली विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का मामला सामने आया था। मिल मालिक बिना वैध कनेक्शन के क्षेत्रीय अवर अभियंता व लाइनमैन की  मिलीभगत से रात में बिजली चोरी कर मिल संचालित करता था। प्रकरण तब उजागर हुआ जब यूपीसीएल की विजिलेंस टीम ने छापा मारा। 

विज्ञापन

उसके बाद प्रबंध निदेशक के निर्देश पर क्षेत्रीय अवर अभियंता महेंद्र कुमार, लाइनमैन उमेश कुमार और एसएचओ नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से  निलंबित कर दिया गया था। लेकिन, अब इस मामले में सचिव ऊर्जा राधिका झा के आदेश पर प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने अधीक्षण अभियंता नरेंद्र सिंह टोलिया, अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी व एसडीओ गिरीशचंद्र आर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
 
साथ ही तीनों अधिकारियों को मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। प्रबंध निदेशक ने इस प्रकरण में मुख्य अभियंता को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रकरण की जांच निदेशक परिचालन अतुल कुमार अग्रवाल को सौंपी गई है। यह तीन दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेंगे। सूत्रों के मुताबिक अभी इस प्रकरण में कई और अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी तय है।

मिल मालिक पर मुकदमा, 50 लाख जुर्माना
प्रकरण उजागर होने के बाद विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर मिल मालिक पर मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही 50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यूपीसीएल अधिकारियों के मुताबिक मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें