उत्तराखंड के उत्तरकाशी में दिवाली की पूर्व संध्या पर बाजार में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने और पुलिस कांस्टेबल की पिटाई करने के मामले में गिरफ्तार पांच सिख रेजीमेंट के तीन जवानों को जेल भेज दिया गया है।
रुद्रप्रयाग में तैनात पांच सिख रेजीमेंट के जवान एनआईएम में प्रशिक्षण के लिए आए हुए हैं। शनिवार की शाम इनमें से कुछ जवान उत्तरकाशी बाजार आए थे, जहां उन्होंने सरेआम महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की।
विरोध करने पर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल जितेंद्र की पिटाई कर डाली और फरार हो गए।
नई टिहरी जेल भेज दिया
पुलिस ने सक्रियता दिखाकर घटना की रात को ही आरोपी भगवंत सिंह निवासी ग्राम तौड़ा बरनाला पंजाब, दिलबाग सिंह निवासी बवानी मुख्तरसाहिब पंजाब और गुरप्रीत सिंह निवासी चहल कोटकपुरा पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।
इनके विरुद्ध भादंसं की धारा 332, 353, 354, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इन तीनों जवानों को नई टिहरी जेल भेज दिया गया।