भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 11 दिसंबर होने वाली पासिंग आउट परेड में इस बार कुल 387 कैडिट पास आउट होंगे। इनमें 319 भारतीय और 68 विदेशी कैडिट शामिल हैं। यह विदेशी कैडिट्स 10 देशों के हैं। इस बार मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उपस्थित रहेंगे।
आईएमए की पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल हिमानी पंत ने बताया कि पीओपी से पहले तीन दिसंबर को ग्रेजुएशन सेरेमनी, आठ दिसंबर को कमांडेंट अवार्ड सेरेमनी, नौ दिसंबर को कमांडेंट परेड तथा दस दिसंबर को मल्टीएक्टीविटी डिस्प्ले व साउंड व लाइट शो का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को मुख्य परेड का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आईएमए की ऐतिहासिक चैटबुड बिल्डिंग के समीप फाइनल परेड की रिहर्सल लगातार चल रही है।
विशेष मेहमान होंगे दो पूर्व छात्र
आईएमए की पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल हिमानी पंत ने बताया कि पीओपी में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ (सीडीएस) जनरल विपिन रावत भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आईएमए के लिए यह गर्व की बात है कि राज्यपाल और सीडीएस भी इस महान संस्थान के पूर्व छात्र हैं।