मुनस्यारी से हल्द्वानी जा रही मैक्स धौलछीना से पांच किमी दूर कसाड़बैंड के पास दुर्घनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार 13 लोग घायल हो गए। घायलों को 108 सेवा की मदद से प्राथमिक अस्पताल धौलछीना लाया गया। यहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में एक व्यक्ति देहरादून का रहने वाला भी है।
रविवार को मैक्स वाहन (यूके 04 टीए 0178) 13 यात्रियों को लेकर मुनस्यारी से हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ था। यहां कसाड़बैंड के पास सड़क सुरक्षा के लिए लगे क्रश बैरियर को तोड़ते हुए वाहन करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। पास ही एक बारात की तैयारी कर रहे ग्रामीण दुर्घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। घायलों को रस्सी की सहायता से खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि संयोग से वाहन करीब 50 मीटर नीचे रुक गया अन्यथा गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था।
घायलों की सूची
राजस्व उपनिरीक्षक राजेश आर्या ने मौके पर पहुंच कर घायलों का हाल जाना। घायलों को निकालने में ग्रामीण जगदीश सिंह, राजन सिंह, नंदन सिंह, गोकुल सिंह, त्रनिलोक सिंह, सुंदर सिंह, श्याम सिंह, कुंदन सिंह, रवि, दीवान सिंह, दीपक और राजेंद्र सिंह ने मदद की। घायलों के अनुसार वाहन चालक ने सेराघाट के एक होटल पर अलग कमरे में बैठकर खाना खाया था जिसके बाद वह नशे की हालत में दिखाई दिया।
घायलों की सूची
मैक्स वाहन दुर्घटना में नेत्र सिंह जंगपागी (60) पुत्र स्व. नाथू सिंह निवासी मुनस्यारी, दीपक सिंह (25) पुत्र हयात सिंह निवासी बूंगा तल्ला मुनस्यारी, गीता देवी (30) पत्नी दीवान राम निवासी ग्राम राथी मुनस्यारी को गंभीर चोट पहुंची है, जिन्हें 108 से बेस अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य घायलों में मुकुल सिंह (12) पुत्र भरत सिंह निवासी मुनस्यारी, बिछना देवी पत्नी लवराज सिंह (36) निवासी ग्राम जैती मुनस्यारी, अनमोल पुत्र लवराज सिंह उम्र ढाई साल निवासी ग्राम जैंती (मुनस्यारी),
हरीश सिंह थपवाल (34) पुत्र स्व. गोकर्ण सिंह निवासी ग्राम धापा मुनस्यारी, धीरेंद्र सिंह धपवाल (42) पुत्र रतन सिंह निवासी धापा मुनस्यारी, जयवंती देवी (60) पत्नी रतन राम निवासी मुनस्यारी, चतुर सिंह चौहान (39) पुत्र लाल सिंह निवासी देहरादून, अंकित (9) पुत्र दिवान राम निवासी राथी मुनस्यारी, हीरा सिंह भाकुनी पुत्र इंद्र सिंह भाकुनी निवासी मुनस्यारी और वाहन चालक प्रेम प्रकाश (25) पुत्र कल्याण राम निवासी मुनस्यारी शामिल हैं।