राज्य स्थापना दिवस के मौके पर देहरादून के पवेलियन मैदान में पहाड़ उतर आया। प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों ने जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, वहीं परंपरागत फैशन शो में संस्कृति की झलक नजर आई। समारोह में आए अतिथियों ने राज्य स्थापना दिवस की खुशी में 19 फीट का केक काटकर जश्न मनाया।
विज्ञापन
शुक्रवार को समारोह का रंगारंग आगाज जागर साम्राज्ञी बसंती बिष्ट के जागर से हुआ। इसके बाद जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने अपने चिर परिचित अंदाज में दर्शकों को बांध दिया। दर्शकों ने तालियों से उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह में अपने पसंदीदा गायकों की आवाज सुनने के लिए भारी भीड़ जुटी। उन्होंने देव धुयाल, संध्या जागर और गंगा जागर के अलावा हम कुशल छौई मांजी, दगड्यी दगडी की प्रस्तुति पर खूब तालियां बटोरी। मंच पर लोक गायिका रेनू धस्माना उनियाल ने अपनी चिर परिचित अंदाज में भारत मां कु प्यास उत्तराखंड हमारू और आवा लोगों झांकी देखा सुनाकर समां बांध दिया। इसके बाद लोक गायिका मीना राणा ने हम उत्तराखंड छा, हौंस उलास मा पर खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, अति विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के अलावा कार्यक्रम अध्यक्ष हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उत्तराखंड उदय सम्मान से नवाजा।
इसके बाद लोक गायक अमित सागर ने चैता की चैत्वाली और तिलाधारु से सबको झुमा दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायिका संगीता ढौंडियाल ने मेख सौंजड्या, ढोल दमऊ बजी गेन और खेला पासो-पांडो खेला पासो से ऐसा समां बांधा कि सभी झूमने को मजबूर हो गए। लोक गायक रजनीकांत सेमवाल ने मंच से भाग्यानी बौ, तुमारी याद मा और मेरी सुनीता नाम से गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक इनेबल कनेक्ट कंसल्टिंग के शिवराज राणा, विकास फाउंडेशन के विकास नेगी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंच का संचालक डॉ. राकेश भट्ट और प्रियंका बिष्ट ने किया। संगीत संजय कुमोला ने दिया।
विज्ञापन
19वें स्थापना दिवस पर काटा 19 फीट का केक
प्रदेश की स्थापना के जश्न के तौर पर मंच से 19 फीट का विशाल केक काटकर 19वें स्थापना दिवस का जश्न मनाया। यह केक बलूनी क्लासेज की ओर से लाया गया था।
इन्हें मिले सम्मान
उत्तराखंड रत्न
डॉ. उदय सिंह रावत, कुलपति, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय
उत्तराखंड विभूषण
देवेंद्र सिंह पंवार, उद्योगपति
आरएस रावत, अध्यक्ष, गढ़वाल भ्रातृ मंडल
विपिन बलूनी, समाजसेवी
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पर्यावरणविद्
डॉ. सुनील अग्रवाल, शिक्षाविद्
उत्तराखंड भूषण
माधुरी बर्त्वाल, साहित्यकार
डॉ. राकेश भट्ट, लोक रंगमंच
आरए खान, शिक्षाविद्
उत्तराखंड श्री
शिल्पा भट्ट बहुगुणा, उद्योगपति
यंग अचीवर्ज अवार्ड
करणवीर कौशल, क्रिकेटर
शिवांश चौधरी और स्नेहा चौधरी, ताईक्वांडो खिलाड़ी
कुहू गर्ग, बैडमिंटन खिलाड़ी
नारी सशक्तिकरण सम्मान
मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव, उत्तराखंड शासन
सौजन्या, प्रबंध निदेशक, सिडकुल
झरना कमठान, महाप्रबंधक, सिडकुल
राखी, सहायक महानिदेशक(एचआर), सिडकुल
डॉ. अदिति शर्मा, वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी, राजाजी टाइगर रिजर्व
घन्ना भाई ने खूब हंसाया
समारोह में आए हास्य कलाकार घनानंद और घन्ना भाई ने सबको खूब हंसाया। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में चुटकियां ली। जब वह सम्मान लेने मंच पर आए तो भी सबको हंसाने से नहीं रोक पाए।
पिपुल च्वाइस अवार्ड
जीडीएस वार्ने, डीएस मान, विनोद पांडेय, अरविंद गुप्ता, डॉ. अश्वनी कांबोज, अनिल मारवाह।
समारोह के दौरान मंच पर पारंपरिक फैशन शो का आयोजन किया गया। शहर के तमाम लोग इस फैशन शो में उत्तराखंड के परिधान पहनकर पहुंचे। फैशन शो में सुषमा व्यास, बिंदिया रावत उनियाल और रीता भंडारी प्रथम स्थान पर रहे। मीनाक्षी रावत व नंदनी वर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। संदीप बागड़ी और सिमरन अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
उत्तराखंड रंग में रंगे नजर आए नेता
उत्तराखंड उदय कार्यक्रम में पहुंचे अतिथि नेता भी प्रदेश के रंग में रंगे नजर आए। सभी अतिथियों ने गढ़वाली भाषा में संबोधन दिए। इस मौके पर एक दूसरे को केक खिलाकर माहौल को खुशनुमा कर दिया।
समारोह में कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व सीएम एवं हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने गढ़वाली भाषा में सभी को शुभकामनाएं देने के साथ ही प्रदेश के विकास को प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी गढ़वाली में ही संबोधन दिया। इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। केक काटने के बाद एक दूसरे को केक खिलाया और लगाया तो माहौल तालियों से गूंज उठा।