श्रीदेव सुमन विवि की सम सेमेस्टर परीक्षा के दौरान केंद्र में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया तो केंद्र निरस्त कर दिया जाएगा। विवि की ओर से परीक्षा केंद्र और स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विवि की सेमेस्टर परीक्षाएं 12 मई से शुरू हो रही हैं।
इस संबंध में विवि की परीक्षा नियंत्रक प्रो. डॉ. स्वाति नेगी ने विवि से संबद्ध संस्थानों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसका मकसद सम सेमेस्टर परीक्षाओं को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाना है। पत्र में कड़े निर्देश देते हुए कहा गया कि सभी संबद्ध अशासकीय व स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों व संस्थानों को परीक्षा कक्षों व परीक्षा स्ट्रांग रूम में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। साथ ही संबंधित कैमरों की लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी विवि को उपलब्ध कराना होगा।
विवि ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद निरीक्षण टीम की ओर से परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। अगर किसी महाविद्यालय या संस्थान में सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं पाए गए या लॉगिन विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया तो ऐसे परीक्षा केंद्रों को निरस्त या परिवर्तित किया जा सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्थान की होगी।