कैंट क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में चानचक पुल के आसपास बिंदाल नदी की चौड़ाई नियमों को ताक पर रखकर कम करने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ भूमाफिया अपनी जमीन की चौड़ाई करने के चक्कर में नदी की चौड़ाई कम करते हुए यहां पुश्ते का निर्माण करवा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने विधायक विनोद चमोली और डीएम से इसकी शिकायत की है।
शिकायतकर्ता इरफान अली, मोहम्मद शाहनाजर, सरिता देवी, संध्या कुमार, अवधेश कुमार ने कहा कि चानचक पुल के पास नदी के बीच से सीवर लाइन बिछाया गया है। स्थानीय कुछ भूमाफियाओं की सह पर नियमों को ताक पर रखकर यहां पुश्ता का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी बिंदाल नदी की चौड़ाई 26 मीटर थी और ये सरकारी रिकार्ड में भी दर्ज है। जिसे अब 16 मीटर करने का प्रयास किया जा रहा है। नदी की चौड़ाई कम होने से भूमाफियाओं की जमीन की चौड़ाई ज्यादा हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि नदी की चौड़ाई कम होने से बरसात में जलभराव की समस्या बनेगी। कहा कि बिंदाल नदी की चौड़ाई चिन्हित करते हुए पिलर लगाए जाएं, ताकि कोई नदी पर कब्जा करने का प्रयास ना करें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कैंट बोर्ड में भी शिकायत की गई है।
-
स्थानीय लोगों ने शिकायत की है। यहां एडीबी के कार्य भी चल रहे हैं। सोमवार को एडीबी, सिंचाई, लोनिवि के साथ ही स्थानीय लोगों की बैठक बुलाई है। जिससें इस संबंध में चर्चा की जाएगी। स्थानीय लोगों की शिकायत की जांच भी कराई जाएगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - विनोद चमोली, विधायक धर्मपुर क्षेत्र