विकासनगर में राशन डीलर पर मानकों के अनुरूप राशन न देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा काटा।
ग्रामीणों के तेवर देखते हुए राशन डीलर दुकान बंद कर भाग खड़ा हुआ। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की है। डाक्टरगंज स्थित राशन की दुकान में सोमवार सुबह से ही राशन लेने वालों की भीड़ लगी थी। लोगों का आरोप है कि राशन डीलर करीब एक घंटे देरी से आया और मानकों के अनुरूप रसद, चीनी नहीं दी जा रही थी। इस पर लोग भड़क गए।
नारेबाजी की
उन्होंने डीलर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी तस्सु, अनिल चौहान, चमन प्रकाश, सनिया, गुड्डू, मधु, कलम सिंह ने कहा राशन डीलर कभी कभार ही दुकान खोलता है। दुकान के बाहर सूचना पट्ट और रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की गई है।
डीलर द्वारा बमुश्किल ही एक लीटर केरोसिन दिया जाता है। आरोप लगाया कि डीलर राशन पर सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूल रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।