आगामी 22 जून को देहरादून में टीईटी के विरोध-प्रदर्शन को सफल, प्रभावी और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र सिंह रावत व प्रांतीय नेतृत्व समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध-प्रदर्शन में सभी शिक्षक और कर्मचारी संगठन पूर्ण अनुशासन और एकजुटता के साथ भाग लेंगे जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आंदोलन की मूल भावना प्रभावी रूप से सरकार तक पहुंचाई जा सके। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षकों पर बाद में लागू की गई टीईटी व्यवस्था से अनेक व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अनुभव, सेवाओं व योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए और उनकी न्यायोचित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों ने अपने विचार रखते हुए स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षकों के अधिकारों व सम्मान की रक्षा के लिए है। बैठक में सूर्य सिंह पंवार को प्रांतीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
इस दौरान दिगंबर सिंह नेगी, जयदेव राणा, जनक सिंह बिष्ट, किशोर जोशी, करन सावंत, सिदार्थ शर्मा, शैलेन्द्र नेगी, सतीश रमोला, टीएस रावत, भूपेश पुरोहित, अनुराग चौहान, अतुल चौहान, हरीश जोशी, अरविंद सोलंकी, विजेंद्र पवार, मंजीत सोलंकी, मनोज बिष्ट, लक्ष्मण सोलंकी, मोहन सिंह, शीशपाल बिष्ट, प्रकाश जोशी, विनोद उपाध्याय, गिरीश तिवारी आदि मौजूद रहे।