संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में लॉकडाउन के 91 दिन बाद सोमवार को ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), वाहनों का पंजीकरण, परमिट जारी करने और फिटनेस जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन डीएल व टैक्स जमा कराने के लिए 20-20 वाहन मालिकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। जबकि, परमिट के लिए छह, फिटनेस के लिए चार और प्रवर्तन से संबंधित कार्यों के लिए नौ वाहन मालिकों ने पंजीकरण कराया। कई लोग जानकारी के अभाव एवं लैंडलाइन फोन ठीक न होने पर बिना पंजीकरण कराए कार्यालय पहुंचे लेकिन, सभी को व्यवस्था ऑनलाइन होने पर वापस कर दिया।
दूरसंचार विभाग की ओर से लैंडलाइन फोन ठीक करने के बाद 11 बजे पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई। पंजीकरण के लिए दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आरटीओ डीसी पठाई ने बताया कि वाहन मालिकों को पंजीकरण के साथ ही टोकन जारी किए जा रहे हैं। जिनका पंजीकरण सोमवार को हो गया है उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ मंगलवार सुबह आरटीओ कार्यालय में उपस्थित होना होगा। इसके अलावा सभी वाहन स्वामियों को कार्यालय आते समय मास्क और सैनिटाइजर अनिवार्य किया गया है। यदि कोई बिना मास्क और सैनिटाइजर के कार्यालय पहुंचता है तो उसके दस्तावेज किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस नंबर पर कराएं पंजीकरण
आरटीओ डीसी पठाई के मुताबिक ड्राइविंग लाइसेंस या फिर वाहनों का परमिट बनवाने, फिटनेस जांच कराने या फिर टैक्स जमा कराने के लिए आवेदकों को एक दिन पहले कार्यालय के लैंडलाइन नंबर 0135-2743432 पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के दूसरे दिन आवेदक सुबह 11 से दो बजे तक दस्तावेजों के साथ आ सकते हैं।