प्रवासी परिंदे आसन बैराज झील की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। रंग-बिरंगे पक्षियों को निहारने के लिए भारी संख्या में पक्षी प्रेमी झील पर पहुंच रहे हैं। अब तक चार हजार से अधिक परिंदे झील में पहुंच चुके है। पक्षियों की सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने झील के आसपास गश्त बढ़ा दी है।
इन दिनों विदेशों व हिमालय के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से प्रवास करके आए 42 प्रजातियों के चार हजार से अधिक पक्षी आसन झील को अपना आशियाना बना चुके हैं। अलग-अलग रंग के इन पक्षियों की झील में मौजूदगी पक्षी प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। सूरज निकलने के साथ ही भारी संख्या में पक्षी प्रेमी व वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर झील के किनारों से पक्षियों को निहारने के लिए जुट रहे हैं। उधर पक्षियों की आमद से वन विभाग भी हरकत में आ गया है। शिकार व इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभाग ने झील के आसपास गश्त बढ़ा दी है। सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग ने रामपुर मंडी स्थित वन आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र में ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षुओं की एक टीम बनाई है जो रात व दिन के समय आसन झील से लेकर आसन नदी के किनारों पर गश्त कर रही है। विभाग के पक्षी विशेषज्ञ व वन दरोगा प्रदीप सक्सैना ने बताया कि पक्षियों की सुरक्षा के तहत वनकर्मी पूरी गंभीरता से अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं।