- वीर बलिदान दिवस पर आयोजित हुई काव्य संध्या
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। साहित्य संगम पछवादून के माध्यम से वीर बलिदान दिवस के अवसर पर काव्य संध्या का आयोजन किया गया। संध्या में कवि-शायरों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के बलिदान की याद दिलाई।
वरिष्ठ साहित्यकार हेमचंद्र सकलानी के आवास पर आयोजित हुई काव्य संध्या में देश की स्वतंत्रता के लिए अपनी जान का बलिदान देने वाले अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सरस्वती वंदना के साथ काव्य संध्या की शुरुआत की गई। इसके पश्चात युवा कवि फरहान ने अपनी कविता धरती पे खून बहाकर वीरों ने देश बचाया सुनाकर खूब तालियां बटोरी। कवयित्री नीलम शर्मा ने सर पर कफन बांध जो चले, दुश्मनों के हौंसले पस्त कर गए गीत की शानदार प्रस्तुति दी।
शायर राशिद राही ने अपनी गजल वो मेरा मोहसिन जिंदगी लुटाने वाला है, पता यह चला वो मेरा घर जलाने वाला है सुनाई। कवयित्री निधि ने हम मतवालों के किस्से जुबानी याद हो जाएं गीत सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वरिष्ठ कवि व साहित्यकार डॉ. मदनपाल बिरला गजब ने बंट गए हैं सभी जाति-धर्म के झगड़ों में, होनी नहीं जात सरहद पे गोली खाते हुए सुनाकर आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। समाजसेवी भास्कर चुग ने हमारा राष्ट्र धर्म है कि शहीदों ने जिस भारत के लिए अपने प्राण दिए, उसके लिए हम प्रयास करें रचना सुनाई। काव्य संध्या में दीनानाथ गौतम ने रात दिन चौबीस घंटे जगते सैनिकों के नैन गीत की प्रस्तुति दी। इसी क्रम को आगे बढाते हुए डॉ. हेमचंद्र सकलानी ने अपनी रचना भगत सिंह, सुखेदव, राजगुरू ने जो ज्योत जलाई थी, उसी ज्योति से हमने आजादी पाई थी सुनाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। काव्य संध्या में डॉ. कामेश्वर प्रसाद डिमरी, मनोहर सिंह ने भी अपनी रचनाओं की शानदार प्रस्तुति दी।