संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई। डीपीएसजी में चल रहे दो दिवसीय अंतर-विद्यालय महोत्सव धरोहर का शुक्रवार को समापन हो गया। दूसरे दिन आयोजित हुई कला प्रतियोगिता में भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। अंतर विद्यालय महोत्सव में जनपद के 11 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत कला प्रतियोगिता के आयोजन के साथ हुई जिसमें प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सूफी संगीत की प्रस्तुति देकर उपस्थित अभिभावक व श्रोताओं का दिल जीत लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य क्रिस्टोफर बरबोसा ने कहा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा इस प्रकार के आयोजन छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक होते हैं। समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षक, खेल शिक्षक व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।