काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) से चली मुख्यमंत्री के पुतले की शव यात्रा शनिवार को दून पहुंची। देहरादून में स्थानीय कांग्रेसी भी शामिल हुए और उन्होंने राजभवन कूच किया। हालांकि पुलिस ने हाथीबड़कलां बैरिकेडिंग पर ही सभी को रोक लिया।
कांग्रेस सेवादल ने पुलिस के ग्रेड पे घटाने के विरोध में बृहस्पतिवार को काशीपुर से यह शव यात्रा शुरू की थी। शनिवार को सेवादल के कार्यकर्ता जसपुर, कोटद्वार, लालढांग, हरिद्वार, ऋषिकेश, डोईवाला होते हुए देहरादून पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने अधिकारियों को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि इस मामले में अगर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो यह शव यात्रा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी निकाली जाएगी। राजभवन कूच करने वालों में सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत, देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सेवादल के प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, पीयूष गौड़, राजकुमार यादव, किशनलाल, ललित, अशोक मल्होत्रा आदि शामिल रहे।